Skip to main content

प्रदेश सरकार के कार्यकाल के सफलतम 04 वर्ष पूर्ण

प्रदेश सरकार के कार्यकाल के सफलतम 04 वर्ष पूर्ण 

  • मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के कार्यकाल के 04 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर जनसभा को सम्बोधित किया
  • प्रदेश सरकार के चार साल के कार्यकाल के दौरान प्रत्येक क्षेत्र में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मूल मंत्र के साथ कार्य किया गया, जिससे राज्य में उत्पन्न शांति और विकास की लहर ने प्रदेश के बारे में लोगों की धारणा बदल दी
  • उ0प्र0 भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, गंगा, यमुना का प्रदेश: मुख्यमंत्री
  • राज्य सरकार के अथक प्रयासों से उ0प्र0 अब बीमारू राज्य से विकसित, सक्षम और समर्थ राज्य में परिवर्तित हो गया है
  • उ0प्र0 अब देश की दूसरे नम्बर की अर्थव्यवस्था
  • प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 लाख लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराकर उ0प्र0 पूरे देश में प्रथम स्थान पर
  • राज्य सरकार द्वारा विगत चार वर्षाें के दौरान 1.21 लाख गांवों का विद्युतीकरण कराया गया
  •  1.38 करोड़ गरीबों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन प्रदान किये गये
  • पूर्वांचल, बुन्देलखण्ड, गंगा तथा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे चालू होने के बाद प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ेगी और यह देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी
  • प्रदेश के अन्दर कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार हुआ है,  आज प्रदेश में 05 नये अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बन रहे हैं
  • जेवर अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्मित होने के उपरान्त इससे 01 लाख करोड़ रु0 वार्षिक का राजस्व मिलेगा, जिससे उ0प्र0 का तेजी से विकास हो सकेगा
  • शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार मण्डलों में विश्वविद्यालयों की स्थापना कर रही है
  • राज्य सरकार ने अपराध के प्रति जीरो टॉलरेन्स की नीति अपनायी
  • सुधरी हुई कानून व्यवस्था के चलते प्रदेश में निवेश आ रहा है
  • राज्य सरकार द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ प्रदेश के 04 लाख युवाओं को नौकरियां दी गयीं, जबकि 03 करोड़ युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया

लखनऊ: 20 मार्च, 2021

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अवध शिल्पग्राम में प्रदेश सरकार के कार्यकाल के 04 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के उपरान्त जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के चार साल के कार्यकाल के दौरान प्रत्येक क्षेत्र में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मूल मंत्र के साथ कार्य किया गया है, जिससे राज्य में उत्पन्न शांति और विकास की लहर ने प्रदेश के बारे में लोगों की धारणा बदल दी है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज से चार वर्ष पूर्व प्रदेश का नागरिक कहीं जाता था, तो लोग उसे हीन भावना से देखते थे, लेकिन पिछले चार वर्षाें के दौरान हुए रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के कारण लोगों का नजरिया उत्तर प्रदेश के प्रति बदला है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, गंगा, यमुना का प्रदेश है। यह भूमि विभिन्न महापुरुषों के विचारों से सिंचित है। इस भूमि ने देश को सर्वाधिक संख्या में प्रधानमंत्री दिये हैं। राज्य सरकार के अथक प्रयासों से उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य से विकसित, सक्षम और समर्थ राज्य में परिवर्तित हो गया है। आज उत्तर प्रदेश यहां के लोगों का गौरव है। उत्तर प्रदेश अब देश की दूसरे नम्बर की अर्थव्यवस्था है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार ने लोक कल्याण संकल्प पत्र को अक्षरशः लागू किया है। आज प्रदेश हर क्षेत्र में अपना विशेष स्थान रखता है। प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 मंे उत्तर प्रदेश का स्थान 23वां था, जबकि आज शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के तहत 40 लाख लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराकर पूरे देश में प्रथम स्थान पर है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के समय स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रदेश की रैंकिंग 27वीं थी। ढाई वर्षाें में मात्र 45 लाख शौचालय ही बन पाए थे। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इसके तहत 2.61 करोड़ शौचालय लोगों को उपलब्ध कराये गये हैं। राज्य सरकार द्वारा यह लक्ष्य 02 अक्टूबर, 2018 को अपने निर्धारित समय से एक वर्ष पूर्व ही हासिल कर लिया गया और प्रदेश को ओ0डी0एफ0 घोषित किया गया।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्व में 1.21 लाख गांवों में बिजली नहीं थी। राज्य सरकार द्वारा विगत चार वर्षाें के दौरान इन गांवों का विद्युतीकरण कराया गया। 1.38 करोड़ गरीबों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन प्रदान किये गये हैं। राज्य सरकार द्वारा विद्युत आपूर्ति सुधारने पर विशेष ध्यान दिया गया है। आज जनपद मुख्यालयों में 24 घण्टे, तहसील मुख्यालयों मंे 20-22 घण्टे, ग्रामीण क्षेत्रों में 16-18 घण्टे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। आज उत्तर प्रदेश का प्रत्येक गांव रोशनी से चमक रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्व में प्रदेश की सड़कों की हालत जर्जर थी। आज राज्य सरकार के प्रयासों से सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं का विकास हो रहा है। नये एक्सप्रेस-वेज़ निर्मित कराये जा रहे हैं। इस वर्ष के अन्त तक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तथा बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे चालू होने की सम्भावना है। जब पूर्वांचल, बुन्देलखण्ड, गंगा तथा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हो जाएंगे, तब प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ेगी और उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर किया गया है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के अन्दर कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार हुआ है। आज प्रदेश में 05 नये अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बन रहे हैं। जेवर अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्मित होने के उपरान्त इससे 01 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व मिलेगा, जिससे उत्तर प्रदेश का तेजी से विकास हो सकेगा। आज उत्तर प्रदेश के अनेक शहरों में एयरपोर्ट निर्माण की कार्यवाही चल रही है। प्रदेश के कई शहरों में मेट्रो रेल का संचालन हो रहा है, जबकि कई शहरों में मेट्रो रेल चलाने की कार्यवाही की जा रही है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार मण्डलों में विश्वविद्यालयों की स्थापना कर रही है। जनपद आजमगढ़ में एक विश्वविद्यालय तथा एयरपोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। अब इस जनपद की छवि बदल रही है और जनपदवासियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार के सुधारवादी कदमों का गांव, गरीब, किसान, महिलाओं, नौजवानों ने स्वागत किया है। राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उठाए गये कदमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में 30 नये मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जा रहे हैं। शेष जनपदों में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्यवाही की जा रही है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनपद अलीगढ़ में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध करायी जाएगी। साथ ही, धन की व्यवस्था भी की जाएगी। लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। साथ ही, यहां पर यू0पी0 स्टेट पुलिस एण्ड फॉरेन्सिक इंस्टीट्यूट की स्थापना की जा रही है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश आज दूसरे स्थान पर है। ऐसा प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार के चलते सम्भव हुआ है। पिछले चार वर्षांे के दौरान प्रदेश में कोई भी दंगा नहीं हुआ। राज्य सरकार ने अपराध के प्रति जीरो टॉलरेन्स की नीति अपनायी है। आज अपराधी भयभीत और मुंह छिपाते घूम रहे हैं। सुधरी हुई कानून व्यवस्था के चलते प्रदेश में निवेश आ रहा है। आज उत्तर प्रदेश निवेश का फेवर्ड डेस्टिनेशन है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ प्रदेश के 04 लाख युवाओं को नौकरियां दी गयी हैं, जबकि 03 करोड़ युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। यह सब सरकार और प्रशासन के बेहतर ताल-मेल का नतीजा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी प्रदेश की 24 करोड़ जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरे उत्साह से कार्य करेगी। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य तथा डॉ0 दिनेश शर्मा, वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना तथा विधान परिषद सदस्य श्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी सम्बोधित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने निराश्रित महिला पेंशन योजना की लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, स्वयं सहायता समूह, ओ0डी0ओ0पी0 तथा अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किये। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड भी वितरित किये और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया। साथ ही, ‘उ0प्र0 डिफेन्स कॉरिडोर’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ की मेयर श्रीमती संयुक्ता भाटिया, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एम0एस0एम0ई0 श्री नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, सूचना निदेशक श्री शिशिर सहित शासन-प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। ज्ञातव्य है कि विकास प्रदर्शनी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के संयोजन में लगायी गयी। इस प्रदर्शनी में सूचना विभाग, यूपीडा, यू0पी0 मेट्रो, ओ0डी0ओ0पी0, मिशन रोजगार, मिशन शक्ति/पोषाहार, कृषि/मण्डी, पी0डब्ल्यू0डी0/सेतु निगम, चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा स्टॉल लगाये गये।

Comments

Popular posts from this blog

आत्मा अजर अमर है! मृत्यु के बाद का जीवन आनन्द एवं हर्षदायी होता है!

-आध्यात्मिक लेख  आत्मा अजर अमर है! मृत्यु के बाद का जीवन आनन्द एवं हर्षदायी होता है! (1) मृत्यु के बाद शरीर मिट्टी में तथा आत्मा ईश्वरीय लोक में चली जाती है :विश्व के सभी महान धर्म हिन्दू, बौद्ध, ईसाई, मुस्लिम, जैन, पारसी, सिख, बहाई हमें बताते हैं कि आत्मा और शरीर में एक अत्यन्त विशेष सम्बन्ध होता है इन दोनों के मिलने से ही मानव की संरचना होती है। आत्मा और शरीर का यह सम्बन्ध केवल एक नाशवान जीवन की अवधि तक ही सीमित रहता है। जब यह समाप्त हो जाता है तो दोनों अपने-अपने उद्गम स्थान को वापस चले जाते हैं, शरीर मिट्टी में मिल जाता है और आत्मा ईश्वर के आध्यात्मिक लोक में। आत्मा आध्यात्मिक लोक से निकली हुई, ईश्वर की छवि से सृजित होकर दिव्य गुणों और स्वर्गिक विशेषताओं को धारण करने की क्षमता लिए हुए शरीर से अलग होने के बाद शाश्वत रूप से प्रगति की ओर बढ़ती रहती है। (2) सृजनहार से पुनर्मिलन दुःख या डर का नहीं वरन् आनन्द के क्षण है : (2) सृजनहार से पुनर्मिलन दुःख या डर का नहीं वरन् आनन्द के क्षण है :हम आत्मा को एक पक्षी के रूप में तथा मानव शरीर को एक पिजड़े के समान मान सकते है। इस संसार में रहते हुए

लखनऊ में स्मारक समिति कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन

लखनऊ में स्मारक समिति कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन स्मारक कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार कर्मचारियों ने विधानसभा घेराव का किया ऐलान जानिए किन मांगों को लेकर चल रहा है प्रदर्शन लखनऊ 2 जनवरी 2024 लखनऊ में स्मारक समिति कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन स्मारक कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार और कर्मचारियों ने विधानसभा घेराव का भी है किया ऐलान इनकी मांगे इस प्रकार है पुनरीक्षित वेतनमान-5200 से 20200 ग्रेड पे- 1800 2- स्थायीकरण व पदोन्नति (ए.सी.पी. का लाभ), सा वेतन चिकित्सा अवकाश, मृत आश्रित परिवार को सेवा का लाभ।, सी.पी. एफ, खाता खोलना।,  दीपावली बोनस ।

आईसीएआई ने किया वूमेन्स डे का आयोजन

आईसीएआई ने किया वूमेन्स डे का आयोजन  लखनऊ। आईसीएआई ने आज गोमतीनगर स्थित आईसीएआई भवम में इन्टरनेशनल वूमेन्स डे का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन, मोटो साॅन्ग, राष्ट्रगान व सरस्वती वन्दना के साथ हुआ। शुभारम्भ के अवसर पर शाखा के सभापति सीए. सन्तोष मिश्रा ने सभी मेम्बर्स का स्वागत किया एवं प्रोग्राम की थीम ‘‘एक्सिलेन्स / 360 डिग्री’’ का विस्तृत वर्णन किया। नृत्य, गायन, नाटक मंचन, कविता एवं शायरी का प्रस्तुतीकरण सीए. इन्स्टीट्यूट की महिला मेम्बर्स द्वारा किया गया। इस अवसर पर के.जी.एम.यू की सायकाॅयट्रिक नर्सिंग डिपार्टमेन्ट की अधिकारी  देब्लीना राॅय ने ‘‘मेन्टल हेल्थ आफ वर्किंग वूमेन’’ के विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में लखनऊ शाखा के  उपसभापति एवं कोषाध्यक्ष सीए. अनुराग पाण्डेय, सचिव सीए. अन्शुल अग्रवाल, पूर्व सभापति सीए, आशीष कुमार पाठक एवं सीए. आर. एल. बाजपेई सहित शहर के लगभग 150 सीए सदस्यों ने भाग लिय।